अटेवा / NMOPS की रैली के बाद FIR दर्ज, कर्मचारियों में बढ़ा आक्रोश, FIR की प्रतियां जलाकर किया प्रदर्शन

मुरादाबाद। ऑल टीचर्स एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) और NMOPS के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के क्रम में 25 नवंबर 2025 को सभी विभागों के शिक्षक व राज्य कर्मियों ने जंतर-मंतर, दिल्ली में रैली कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था। रैली के उपरांत NMOPS के कुछ प्रांतीय पदाधिकारियों पर FIR दर्ज किए जाने के बाद कर्मचारियों में रोष फैल गया। इसी क्रम में 2 दिसंबर को जनपद के सभी शिक्षक व कर्मचारियों ने FIR की प्रतियां जलाकर सरकार के इस कदम का विरोध किया।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संदीप बडोला ने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार द्वारा पदाधिकारियों पर FIR दर्ज कर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी अटेवा कड़ी निंदा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि FIR वापस नहीं ली गई तो कर्मचारी संगठन बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
अटेवा महामंत्री हेमंत चौधरी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से पुरानी पेंशन बहाली को लेकर संघर्ष जारी है, लेकिन पहली बार सरकार ने दमनकारी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी भयभीत नहीं होंगे और पुरानी पेंशन बहाली तक आंदोलन जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में प्रतिमा शर्मा, पूनम मैसी, निश्छल भटनागर, त्रिवेंद्र चौहान, दीपक राजपूत, विक्टर, सीमा भारती, पंकज पांडे, अरविंद कुमार, योगेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
