मुरादाबाद।
नगर पंचायत अगवानपुर की होनहार बेटी दानिया परवीन ने फुटबॉल के मैदान में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल चैंपियनशिप जीतते हुए मुरादाबाद और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला ततारपुर निवासी दानिया परवीन, किसान यूनियन भानु के प्रदेश महासचिव जाहिद हुसैन की पुत्री हैं और वर्तमान में हाई स्कूल की छात्रा हैं।

जिला से नेशनल स्तर तक तय किया सफर
दानिया की सफलता की शुरुआत 7 नवंबर 2025 को आगरा में आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता से हुई, जहां उनकी टीम ने शानदार जीत दर्ज कर आगे का टिकट हासिल किया। इसके बाद 12 दिसंबर 2025 को गोवा में आयोजित स्टेट लेवल प्रतियोगिता में मुरादाबाद की टीम ने बैंगलोर की टीम को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। इस जीत में दानिया के अनुशासन और बेहतरीन खेल की अहम भूमिका रही।
घर लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
नेशनल चैंपियनशिप जीतकर घर लौटने पर दानिया का परिवार और क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ सम्मान किया। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी
दानिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, कोच और टीम को दिया। वह अब नेपाल में होने वाले इंटरनेशनल फुटबॉल मैच की तैयारी में जुटी हैं। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।