
पुलिस को बड़ी सफलता
साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अकीब जावेद पुत्र मोहम्मद शकील निवासी जसपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
दरअसल, गालशहीद क्षेत्र के एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि दिल्ली निवासी जियान अरोड़ा नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में ऊँचे मुनाफे का झांसा देकर उसे फंसाया। लिंक भेजकर लॉगिन आईडी और पहचान पत्र बनवाकर, गिरोह ने 13 अलग-अलग बैंक खातों में एक करोड़ चौंसठ लाख छियानवे हजार चार सौ चौहत्तर रुपये जमा करवा लिए।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस नंबर 16/2025 धारा 318(4), 317(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डीआईजी मुरादाबाद रेंज मुनीराज जी और एसएसपी सत्यपाल अंतिल के निर्देशन में पुलिस ने पहले ही नाजिम अली, खिलाफत, अमन और अदनान को गिरफ्तार किया था। अब अकीब जावेद को भी हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। गिरोह ने जीएसटी और एमएसएमई पंजीकरण का इस्तेमाल कर बैंक ऑफ बड़ौदा, जसपुर शाखा में खाते खोले थे। नेपाल के होटलों में रुककर वे व्हाट्सएप के जरिए खातों का संचालन करते थे। इन खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ है।
अब तक पुलिस ने 47 लाख 66 हजार 507 रुपये शिकायतकर्ता के खातों में फ्रीज कर दिए हैं। इनमें से 20 लाख रुपये पहले ही वापस कराए जा चुके हैं, जबकि शेष धनराशि की वसूली की प्रक्रिया जारी है