मुरादाबाद।
Shri Ram Balaji Dham Baba Neeb Karori Ashram Trust के तत्वावधान में आयोजित बाबा नीब करोरी एकादश स्मृति एवं स्थापना उत्सव के चतुर्थ दिवस पर धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला देखने को मिली।

उत्सव के अंतर्गत आह्वान किए गए सभी नवग्रह एवं देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया गया। काशी से पधारे आचार्य डॉ. श्री घनश्याम त्रिपाठी जी के सानिध्य में यज्ञ पूजन एवं रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। पंचकुंडीय महायज्ञ में आश्रम के ट्रस्टियों एवं भक्तजनों द्वारा 31,000 आहुतियां अर्पित की गईं, जिससे पूरा वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा।

ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पांच दिवसीय स्थापना उत्सव के उपलक्ष्य में विशेष पंचकुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें चौथे दिन 31 हजार आहुतियां दी गईं। वहीं ट्रस्ट के संस्थापक एवं महामंत्री राकेश गुप्ता ने जानकारी दी कि इस अवसर पर महारुद्राभिषेक भी विधिविधान से संपन्न कराया गया।


संध्या काल में भव्य इस्कॉन संकीर्तन का आयोजन हुआ। महानगर के प्रसिद्ध इस्कॉन प्रचारक सच्चिदानंद दास एवं उनके साथियों ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। “हरे कृष्णा हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” महामंत्र पर सैकड़ों भक्त भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे।
कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर धीरेंद्र चौधरी, संजीव गुप्ता, डॉ. एटीन शर्मा, डॉ. श्वेता शर्मा, सर्विस अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, सरिता चौधरी, शशि चतुर्वेदी, परीश सक्सेना, विकास गुप्ता, संजीव कपूर, हरिओम गुप्ता, शुभम भारद्वाज, शिवओम शंखधार, पूनम शर्मा, सीमा गुप्ता, दीप्ति गुप्ता, लवी गुप्ता, निमित गुप्ता एवं लीलम राय सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे।
उत्सव के चौथे दिन का यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया।