PM मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल को उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश सरकार और संगठन मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतिगत सुधारों को लोगों तक पहुंचाना है।
अभियान के जरिए आम नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक जनभागीदारी वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों की समीक्षा की
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित 5-कालिदास मार्ग पर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा संगठन के प्रदेश महामंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास से जुड़ी उपलब्धियों को वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाए।
युवा, महिला, किसान और वंचित वर्गों पर फोकस
‘सेवा संकल्प अभियान’ में समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। युवा, महिलाएं, किसान और वंचित वर्गों को अभियान से जोड़ते हुए उन्हें विकसित भारत के संकल्प का सहभागी बनाने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जनपदों और विधानसभाओं में जाकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इससे स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों के संचालन और जनभागीदारी को बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
तीन स्तरों पर बनेगी समन्वय व्यवस्था
बैठक में बताया गया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं से जुड़े आंकड़ों को एक जगह संकलित किया गया है।
इसके लिए केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों का डेटा-बैंक तैयार किया गया है। इस डेटा के आधार पर योजनाओं और उनके लाभार्थियों तक पहुंचने की रणनीति बनाई जाएगी।
4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उत्तर प्रदेश में करीब 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने की योजना बताई गई है। इनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 0.68 करोड़ शहरी परिवार शामिल हैं।
अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों के अनुभव और उपलब्धियों को सामने लाने की कोशिश की जाएगी। इसके माध्यम से विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
